कांग्रेस नेता राहुल गांधी इन दिनों संगठन को मजबूत करने के लिए सक्रिय नजर आ रहे हैं। इसी कड़ी में उन्होंने हरियाणा और उत्तराखंड के जिला कांग्रेस अध्यक्षों को विशेष ट्रेनिंग दी। यह कार्यक्रम हरियाणा के कुरुक्षेत्र में आयोजित किया गया, जहां राहुल गांधी ने न केवल जिलाध्यक्षों के साथ लंबी बैठक की, बल्कि उनके परिवारों से भी मुलाकात की। बैठक का उद्देश्य पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना, आगामी चुनावों की तैयारी करना और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरना बताया गया। राहुल गांधी ने जिलाध्यक्षों से कहा कि वे जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनें, संगठन को नीचे तक मजबूत करें और पार्टी की नीतियों को साफ और सरल भाषा में लोगों तक पहुंचाएं।

खास बात यह रही कि इस ट्रेनिंग कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं को शामिल होने की अनुमति नहीं दी गई। बताया गया कि सीनियर लीडर्स को अलग कमरे में बैठाया गया, जबकि मुख्य सत्र में केवल जिलाध्यक्ष और उनके परिवार ही मौजूद रहे। इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। माना जा रहा है कि राहुल गांधी पार्टी में नई नेतृत्व शैली को बढ़ावा देना चाहते हैं और सीधे जिलास्तर के नेताओं के साथ संवाद करना चाहते हैं। कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने जिलाध्यक्षों के परिवारों से बातचीत कर उनका हालचाल भी जाना और उन्हें पार्टी के संघर्ष और भूमिका के बारे में समझाया। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, इस पहल का मकसद यह संदेश देना है कि पार्टी केवल नेताओं तक सीमित नहीं है, बल्कि कार्यकर्ताओं और उनके परिवारों को भी सम्मान देती है। इस ट्रेनिंग को कांग्रेस की नई संगठनात्मक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, जिससे आने वाले समय में पार्टी को चुनावी फायदा मिलने की उम्मीद की जा रही है।
नोएडा स्टूडियो पॉडकास्ट देखें :
